-ऋण सहायता देने के लिए जारी किए 37,227 नए किसान क्रेडिट
- प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण वितरण को बढ़ावा दें बैंक : एडीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। वित्तीय वर्ष 2024-25 की वार्षिक ऋण योजना के तहत सितंबर 2024 तक की प्रगति की समीक्षा के लिए यूको बैंक द्वारा जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। उपायुक्त कार्यालय के बचत भवन में हुई बैठक की अध्यक्षता एडीसी डॉ. निधि पटेल ने की।
बैठक में जिले में कार्यरत बैंकों की प्रगति, वार्षिक ऋण योजना के तहत लक्ष्यों की प्राप्ति, तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। एडीसी ने कहा कि 2024-25 के लिए निर्धारित 690.34 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध बैंकों ने 930.75 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया, जो 134.83 फीसदी की लक्ष्य प्राप्ति दर्शाता है। प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में 103.79 फीसदी और गैर प्राथमिकता क्षेत्रों में 416.01 फीसदी की दर से लक्ष्यों को प्राप्त किया गया। कृषि क्षेत्र में 238.77 करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों में 358.01 करोड़ रुपये, और अन्य प्राथमिक क्षेत्रों में 48.48 करोड़ रुपये के ऋण बांटे गए। किसानों को ऋण सहायता प्रदान करने के लिए 37,227 नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए। सितंबर 2024 तक जिले का कुल व्यवसाय 12,142.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और जन धन से जन सुरक्षा अभियान की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. निधि पटेल ने बैंकों को निर्देश दिया कि वे प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों में ऋण वितरण को बढ़ावा दें और जिले के ऋण-जमा अनुपात को सुधारने के लिए नई संभावनाओं की तलाश करें। इसके साथ ही, उन्होंने वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा।