चार साल पुराने चरस तस्करी से जुड़े मामले में अदालत से फरार चल रहा था आरोपी
पीओ सेल ने तकनीकी व मानवीय सूचनाओं के आधार पर दबोचा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। एनडीपीएस के तहत दर्ज एक मामले में अदालत की ओर से उद्घोषित अपराधी घोषित किए गए आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी हरी सिंह निवासी गांव बगेटू, डाकघर भटवाड़ा के खिलाफ 2022 में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया था, लेकिन न्यायिक कार्रवाई के दौरान आरोपी लगातार अदालत से अनुपस्थित रहा और पेश नहीं हुआ। आरोपी की लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी घुमारवीं ने 11 जून 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस की पीओ सेल सक्रिय हुई और लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपी का सुराग लगाया और 23 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।