सर्वेयर पद के लिए होनी चाहिए आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कृषि विभाग ने एग्रीस्टैक कार्यक्रम के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए निजी सर्वेयरों की भर्ती होगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सर्वे का उद्देश्य प्रदेशभर की सभी पंचायतों में फसलों से जुड़ी विस्तृत व प्रमाणिक जानकारी को डिजिटल माध्यम से जुटाना है।
उप निदेशक कृषि प्रेम ठाकुर ने बताया कि सर्वेयर पद के लिए आवेदनकर्ता की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। आधार कार्ड और बैंक विवरण अनिवार्य होंगे। उन्होंने कहा कि मोबाइल एप्लिकेशन के उपयोग में दक्षता और स्थानीय क्षेत्र की भौगोलिक जानकारी आवश्यक है, ताकि सर्वे कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। बताया कि एटीएम, बीटीएम, सुपरवाइजर, कृषि प्रसार अधिकारी, कृषि-बागवानी-वन स्नातक, कृषक साथी, पशु साथी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, पैक्स सचिव और पंचायत प्रतिनिधि इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार विभाग की वेबसाइट hpdcsa.agristack.gov.in/crop-survey-hp या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध डीसीएस हिमाचल प्रदेश एप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। विभाग द्वारा सर्वे कार्य के अनुसार उपयुक्त प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट agriculture.hp.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।