घुमारवीं (बिलासपुर)। कोरोना कर्फ्यू की बंदिशें हटने के बाद बुधवार को जिले में निजी बसों का संचालन शुरू हो गया, लेकिन केवल 15 फीसदी ही निजी बसें रूटों पर चलीं। सवारियां भी नाममात्र ही बसों में देखी गईं।
बुधवार को बारिश होने के चलते कम लोग ही घरों से बाहर निकले। वहीं बस ऑपरेटरों की ओर से सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है। जिले में 305 निजी बसें हैं। बुधवार को केवल 15 प्रतिशत बसें ही रूटों पर चलीं। एक निजी बस सुबह जाहू से घुमारवीं को अपने निर्धारित रूट पर आई लेकिन घुमारवीं तक मात्र 80 रुपये की ही आमदनी हुई। इससे डीजल का खर्चा भी नहीं निकला। बस ऑपरेटर संघ ने निजी बस मालिकों से आग्रह है कि विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन चालक और परिचालक से करवाएं। जिला बस ऑपरेटर के प्रधान राजेश पटियाल ने कहा कि जिले में 15 प्रतिशत बसें चलनी शुरू हो गई हैं। बुधवार को नाममात्र सवारियों ही मिलीं। इससे डीजल का खर्चा भी नहीं निकला। सरकार के आश्वासन पर बसें चलानी शुरू कर दी हैं। जैसे-जैसे सवारियों की संख्या बढे़गी वैसे ही बसों की संख्या में बढ़ोतरी कर दी जाएगी।