न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में शिक्षा खंड सदर के प्राथमिक शिक्षक काले बिल्ले लगाकर रोष जत
23 सितंबर 2025 की अधिसूचना वापस लेने की मांग
15 नवंबर को धर्मशाला में करेंगे प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में शिक्षा खंड सदर के प्राथमिक शिक्षकों ने काले बिल्ले लगाकर रोष जताया। हिमाचल प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर आयोजित खंड स्तरीय विरोध कार्यक्रम में शिक्षकों ने सरकार से 23 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना तत्काल वापस लेने की मांग उठाई। संघ का कहना है कि इस व्यवस्था से प्राथमिक शिक्षा की मौजूदा संरचना प्रभावित होने के साथ हजारों शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के हितों पर भी असर पड़ेगा।
संघ के खंड सदर प्रधान राजू राम ने कहा कि न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम प्राथमिक शिक्षा के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे प्राथमिक पाठशालाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होने की आशंका है। स्कूलों में कार्यरत मध्याह्न भोजन (एमडीएम) वर्करों, मल्टी टास्क वर्करों और प्रशिक्षित बेरोजगार जेबीटी शिक्षकों के हित भी प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के तहत एक प्रधानाचार्य को 15 से 20 स्कूलों का संचालन करना पड़ रहा है। ऐसे में सभी विद्यालयों की नियमित निगरानी और शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होगा। इसका असर माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ेगा। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में कार्यरत शिक्षक भी इस व्यवस्था से परेशान हैं।
राजू राम ने बताया कि इस मुद्दे पर प्रदेश कार्यकारिणी सरकार और शिक्षा विभाग के साथ लगातार संवाद कर रही है। यदि अधिसूचना वापस नहीं ली तो शीतकालीन सत्र के दौरान प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों को ज्ञापन सौंपकर न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम वापस लेने की मांग उठाई जाएगी।