राष्ट्रपति दौरे को लेकर श्री नयना देवी जी में निरीक्षण पर पहुंचे एसडीएम श्री नयना देवी जी। स्रो
एसडीएम ने मंदिर परिसर और प्रस्तावित रूट का लिया जायजा
सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी/स्वारघाट (बिलासपुर)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छह अक्तूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे को लेकर श्री नयना देवी जी मंदिर में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति के मंदिर पहुंचने के कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को एसडीएम श्री नयना देवी धर्मपाल चौधरी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर के अलावा आसपास के क्षेत्र और राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को रूट की व्यवस्थाओं को बारीकी से जांचने और जहां आवश्यक हो, वहां समय रहते सुधार करने के निर्देश दिए। धर्मपाल चौधरी ने कहा कि राष्ट्रपति का दौरा जिले के लिए महत्वपूर्ण और गौरव का विषय है। ऐसे में कार्यक्रम को गरिमापूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सौंपे गए दायित्वों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात नियंत्रण, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल और विद्युत आपूर्ति समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दौरे के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली जाएं।