-स्तनपान मां और बच्चे के लिए अत्यंत लाभकारी
-आंगनबाड़ी लंझता में विश्व स्तनपान दिवस पर जागरूकता शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। आंगनबाड़ी केंद्र लंझता में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पुष्पेंद्र सिंह राणा के निर्देशानुसार विश्व स्तनपान दिवस के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता भी करवाई गई।
प्रतियोगिता में प्रेमलता ने पहला, मीनू ने दूसरा और निर्मला ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य शिक्षक लीला शर्मा ने बताया कि स्तनपान सप्ताह हर साल 1 अगस्त से 7 अगस्त तक मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि मां का दूध बच्चे के लिए एक संपूर्ण आहार है। बच्चा होने के 1 घंटे के भीतर मां को अपना पहला गाढ़ा पीला दूध जिसे क्लोस्ट्रम कहते हैं बच्चे को जरूर पिलाना चाहिए। ये दूध बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाकर संक्रमण और बीमारियों से बचाता है। मां के दूध में हर जरूरी पोषक तत्व होते हैं। इससे बच्चे का शारीरिक और मानसिक विकास तेजी से होता है। मां का दूध आसानी से पचता है और बच्चे के तापमान को सामान्य बनाए रखता है। दूध में पाए जाने वाले एंटीबॉडी बच्चे की कई तरह के संक्रमण से रक्षा करता है। बच्चे को 6 महीने तक सिर्फ मां का ही दूध ही पिलाना चाहिए। स्तनपान करवाने से माता का दूसरी महिलाओं के मुकाबले डिप्रेशन का स्तर कम होता है। हृदय रोग और डायबिटीज की आशंका कम हो जाती है। छाती और बच्चेदानी के कैंसर का खतरा भी घटता है। उन्होंने लोगों को साफ पानी पीने, ताजा भोजन खाने को कहा। उन्होंने बताया कि आजकल आई फ्लू का प्रकोप बढ़ गया है उससे बचने के लिए अपने हाथों को बार-बार धोएं, एक दूसरे का तौलिया प्रयोग न करें। आंखों को ठंडे पानी से धोते रहें और डॉक्टर को जरूर दिखाए। इस अवसर पर आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक विक्रांत, स्वास्थ्य कार्यकर्ता सोनिका कपूर, अंजना चौहान, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।