भदरोग में आयोजित बाबा खाटू श्याम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालु। स्रोत
-तीन दिन चले कार्यक्रम में लोगों ने बढ़ चढ़कर लिया भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपमंडल घुमारवीं के गांव भदरोग में नवनिर्मित बाबा खाटू श्याम मंदिर में शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। शुभ मुहूर्त में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुआ अनुष्ठान दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान संत समाज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की गई। मूर्ति स्थापना पर महंत गिरिराज भी पहुंचे। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। धार्मिक आयोजन की शुरुआत 22 अप्रैल से हुई थी, 23 अप्रैल को कीर्तन, जागरण और अन्य भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाबा श्याम परिवार फाउंडेशन भदरोग के सदस्यों ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य की शुरुआत 24 अप्रैल 2024 को की गई थी, जिसे दो वर्षों में पूर्ण कर लिया गया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और संत समाज का आभार जताया।