पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के एक घंटे के भीतर पोस्टमार्टम शुरू करना होगा
एमसीएच भवन में लगेगा एसी, बाहर बैठने के लिए बनेगा शेड
अस्पताल परिसर स्थित दवा की दुकानों का बढ़ाया जाएगा किराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला अस्पताल में जल्द ही रात को भी पोस्टमार्टम करने की व्यवस्था होगी। ट्रामा सेंटर की भूतल में बनाई गई नई मोर्चरी के शुरू होने पर यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। यह निर्णय शुक्रवार को हुई अस्पताल की रोगी एवं कल्याण समिति की बैठक में लिया गया।
रात को पोस्टमार्टम की व्यवस्था होने से परिजनों को भी लंबा इंतजार नहीं करना होगा। अभी तक जिला अस्पताल में कोई शव पोस्टमार्टम के लिए शाम को पहुंचता है तो पोस्टमार्टम प्रक्रिया अगली सुबह शुरू की जाती है, जिससे परिजनों को पूरी रात इंतजार करना पड़ता है। रात्रि पोस्टमार्टम के लिए गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। वहीं, पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के एक घंटे के भीतर चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू करनी होगी। यह निर्देश विभागीय अधिकारियों को समिति की बैठक में दिए गए। जिला अस्पताल के मातृ-शिशु देखभाल भवन में गर्मियों से पहले एसी लगाया जाएगा। भवन के वार्ड सहित भूतल स्थित ओपीडी में एसी स्थापित किए जाएंगे ताकि शिशुओं, धातृ और गर्भवती महिलाओं को भीषण गर्मी का सामना न करने पड़े। मातृ-शिशु देखभाल भवन की धरातल मंजिल शिशु रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी है। दो महत्वपूर्ण ओपीडी होने के कारण हॉल में भारी भीड़ रहती है। इसलिए मातृ-शिशु भवन के बाहर शेड का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें बैठने की व्यवस्था सहित पंखे लगाए जाएंगे। वहीं, अस्पताल परिसर में स्थित दवा की तीन दुकानों का किराया भी बढ़ाया जाएगा। बढ़ा हुआ किराया तीन साल के लिए लागू होगा। यह निर्णय भी समिति की बैठक में लिया गया।
उधर, जिला स्वास्थ्य एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा ने बताया कि जिला अस्पताल में पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद एक घंटे के भीतर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही रात को पोस्टमार्टम की व्यवस्था भी शुरू कर दी जाएगी। जिले के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रदेश सरकार और प्रशासन लगातार कोशिशें कर रहा है।