मतगणना के बाद घोषित होंगे नतीजे
नगर परिषद बिलासपुर के लिए कुल 11 वोटिंग टीम तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले के चारों शहरी निकायों में होने वाले चुनाव को लेकर शनिवार को मतदान पार्टियों को चुनाव सामग्री के साथ संबंधित शहरी निकाय मुख्यालयों से अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच गईं। रवाना होने से पहले जिला निर्वाचन अधिकारी शहरी निकाय एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदान दलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि जिले के चारों शहरी निकायों में रविवार 17 मई को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद निर्धारित मतगणना स्थलों पर मतों की गिनती की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। नगर परिषद बिलासपुर के लिए कुल 11 मतदान दल तैनात किए गए हैं। इनमें 44 मतदान कर्मी और 22 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन मतदान दल रिजर्व में रखे गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत व्यवस्था की जा सके। इसी प्रकार नगर परिषद घुमारवीं के लिए नौ मतदान दलों की तैनाती की गई है। इन दलों में 36 मतदान कर्मी और 18 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं, जबकि चार मतदान दल रिजर्व में रखे गए हैं।नगर परिषद श्री नैना देवी जी के लिए सात मतदान दल बनाए गए हैं, जिनमें 28 मतदान कर्मी और 14 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं। यहां चार मतदान दल रिजर्व में रखे गए हैं।
वहीं नगर पंचायत शाहतलाई के लिए भी सात मतदान दल तैनात किए गए हैं। इनमें 28 मतदान कर्मी और 14 सुरक्षाकर्मी शामिल हैं, जबकि दो मतदान दल रिजर्व में रखे गए हैं। जिले के सभी चारों शहरी निकायों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें, ताकि मजबूत लोकतंत्र की दिशा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
घुमारवीं में मतदान केंद्र के लिए रवाना होती पोलिंग पार्टियां। स्रोत डीपीआरओ
घुमारवीं में मतदान केंद्र के लिए रवाना होती पोलिंग पार्टियां। स्रोत डीपीआरओ