दधोल और डंगार में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में कार्यक्रम में मंत्री ने सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़/भराड़ी (बिलासपुर)। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में मिली समस्याओं का समाधान अधिकारी जल्द करें। नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने ग्राम पंचायत दधोल और डंगार में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में यह निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि लोग विभिन्न विभागों के तहत योजनाओं का लाभ लाभ उठाएं, जिससे प्रति व्यक्ति उत्पादकता बढ़ाई जा सके। कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र की जनता की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए कृतसंकल्प है, जिसके लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। इसका लाभ उठाने के लिए आगे आना चाहिए। हिमाचल कौशल विकास निगम के अंतर्गत युवाओं और महिलाओं को उद्यमी बनाने के लिए कार्यक्रम और प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रावधान किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि डंगार, रोपड़ी, मैहरे सड़क के लिए 3 करोड़ 87 लाख, चौखना सड़क के लिए 23 लाख 82 हजार, बलडा सड़क के लिए 56 लाख 86 हजार, पट्टा क्षेत्र की सड़कों के लिए 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृति की गई है। उन्होंने बताया कि जसवानी संपर्क मार्ग के लिए 15 लाख 96 हजार, निहारी से दधोल कलां के लिए 22 लाख 32 हजार, संपर्क मार्ग सिद्ध चानो मंदिर से दधोल कलां के लिए 35 लाख 52 हजार, हरिजन बस्ती दधोल कलां से चेहर सड़क के लिए 3 लाख स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दधोल में 13 शिकायतें प्राप्त हुईं जिनका मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान 25 लोगों के रक्त की जांच की गई और 15 आभा कार्ड बनाए गए। डंगार में 18 आभा कार्ड बनाए गए। 23 लोगों के रक्त की जांच की गई। 13 शिकायतें और 9 मांगें प्राप्त हुईं।