बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में 18 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाओं का भूमि पूजन विधायक जीतराम कटवाल ने किया। इनका मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए थे।
उन्होंने सात करोड़ रुपये की लागत से सीर खड्ड पर री-रडोह में 100 मीटर स्पेन डबल प्रेस स्ट्रैस्ड बॉक्स गर्डर पुल, तलाई में 3.82 करोड़ से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भवन, 4.04 करोड़ से दसलेहड़ा-खमेड़ा कलां पुल, तलाई में 1.68 करोड़ रुपये से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में विज्ञान प्रयोगशाला, 94 लाख रुपये की उठाऊ पेयजल आपूर्ति योजना चोंता जंगल ठठ्ल के अतिरिक्त स्रोत के विकास व सुधार और तलाई में 48 लाख से विद्युत उपमंडल भवन की शिलान्यास पट्टिकाओं को स्थापित किया। इससे पहले उन्होंने री में 7 लाख 65 रुपये के ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया। इसका लाभ री और रडोह के लोगों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में 8 पुलों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। दो पुलों की लंबाई 350 मीटर है।
उन्होंने बताया कि पुलों के निर्माण कार्य को दो वर्षों में पूर्ण कर लिया जाएगा। इससे बरठीं से झंडूता की दूरी 6 किलोमीटर कम हो जाएगी। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 4 करोड़ रुपये से 37 ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बरठीं क्षेत्र की कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 4 ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं। उपमंडल विद्युत बरठीं के अंतर्गत 20 लाख रुपये से 70 बिजली के खंभों को बदला गया है।
बल्ह, रडोह गांव में पेयजल समस्या को हल करने के निर्देश जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को दिए। बडग़ांव से री तक सड़क को पक्का करने के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए।