बिलासपुर कॉलेज में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मुख्यातिथि के साथ सम्मानित किए गए विद्यार्थी।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में शनिवार को दसवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया जिसका विषय मजबूत लोकतंत्र के लिए निर्वाचन साक्षरता था। इस अवसर पर जिला बिलासपुर के चारों विधान सभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों, उपमंडल तथा जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि एसडीएम सदर बिलासपुर रामेश्वर थे। कार्यक्रम में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के 17 मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी तथा नए मतदाता भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रावमापा छात्र, रावमापा कन्या, डीएवी सरस्वती विद्या मंदिर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नेहरू युवक मंडल बिलासपुर, स्टार रेनबो क्लब कोठीपुरा द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया व इसके महत्व से संबंधित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एसडीएम ने युवक मंडल के सदस्यों, अभिभावकों, प्राध्यापकों, अध्यापकों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता साक्षरता तथा मतदान प्रक्रिया में भाग लेने पर बल दिया।
मुख्यातिथि ने नए मतदाताओं को पहचान पत्र देकर सम्मानित किया तथा सराहनीय कार्य करने के लिए जिले के बूथ लेवल अधिकारियों को भी सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त 100 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके तीन मतदाताओं जिन्होंने लोक सभा निर्वाचन 2019 के दौरान अपने मत का प्रयोग किया था उनको भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर अमित कुमार शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन विजय शर्मा, उप प्रधानाचार्य राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर सुरेंद्र सिंह ठाकुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिलासपुर नीलम तथा अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।