बिलासपुर। युवा कांग्रेस बिलासपुर की बैठक परिधि गृह में प्रदेश महासचिव युकां आशीष ठाकुर की अध्यक्षता में हुई जिसमें मुख्य रूप से प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर एवं सचिव विवेक कुमार भी शामिल हुए। बैठक में युवा कांग्रेस को मजबूती देने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के बाद युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उसके बाद युवा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अगुवाई में जिलाधीश राजेश्वर गोयल से मिला और उनके माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। युवा कांग्रेस ने ज्ञापन में केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि सरकार द्वेष की भावना से राजनीति कर रही है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा तुरंत प्रभाव से बहाल की जाए। गांधी परिवार का देश हित के लिए बहुत बड़ा बलिदान रहा है। देश हित के लिए इस परिवार ने अपने दो लोगों की शहादत दी है।
युवा कांग्रेस ने सरकार पर आरोप लगाया कि एसपीजी सुरक्षा हटाने का मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। केंद्रीय गृह मंत्री का यह निर्णय पूरी तरह से राजनीति प्रतिशोध की भावना से प्रेरित है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति से मांग की है कि जल्द से जल्द गांधी परिवार की सुरक्षा बहाल की जाए, अन्यथा युवा कांग्रेस एक बहुत बड़ा आंदोलन चलाएगी।
इस मौके पर लोकसभा हमीरपुर अध्यक्ष मनिंद्र डिंपल कटोच, प्रदेश महासचिव चंदन राणा, प्रेम डोगरा, बिट्टू, प्रदेश सचिव पवन ठाकुर, अखिल अग्निहोत्री, आलोद चौहान, लोकसभा उपाध्यक्ष रजनीश मेहता, अब्दुल खालिद, कुलदीप ठाकुर, लोकसभा सचिव ज्वाला चौहान, लोकसभा मीडिया संयोजक प्रिश्रुत शर्मा, प्रदेश सचिव एनएसयूआई रोहित शर्मा, विजय कुमार, सदर अध्यक्ष गौरव शर्मा, जुखाला अध्यक्ष कुलदीप भड़ोल, झंडूता अध्यक्ष सुरेश नेगी, उपाध्यक्ष अनुपम वर्मा, सदर मीडिया संयोजक नरेश ठाकुर, सदर उपाध्यक्ष तिलक शर्मा, दिनेश, कुलवीर भड़ोल, शाहिद, ईशान ठाकुर, अधिवक्ता संदीप कुमार, सीता राम व अन्य युवा उपस्थित रहे।