बिलासपुर। पूर्व मंत्री व विधायक श्री नयना देवी जी विधानसभा क्षेत्र रामलाल ठाकुर ने ग्राम पंचायत दलेत, रोड जामन, नागें ठाकर, झिड़ियां व बैहल में जनसमस्याएं सुनीं और कार्यकर्ता बैठक की। इस मौके पर रामलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार को एक बार फिर कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि इन्वेस्टर मीट का सारा खर्चा सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाखड़ा विस्थापितों के लिए जो भी नीति बने उसमें बिलासपुर नगर के साथ ग्रामीण भाखड़ा विस्थापितों को भी शामिल किया जाना चाहिए। वर्ष 1985-86 में जब वह राज्य मंत्री थे तब इसका एक बार मिनी सेटलमेंट राजा वीरभद्र की कांग्रेस सरकार से उन्होंने ही करवाया था। अब समय आ गया है कि बिलासपुर शहर के साथ-साथ इस योजना में ग्रामीण बिलासपुर वासियों को भी जोड़ा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आज के दिन ही बिलासपुर जलमग्न हुआ था तो तब से लेकर अभी तक भाखड़ा विस्थापितों के जख्म भरे नहीं गए हैं। हमने विस्थापितों के लिए कई आंदोलन भी किए और कई संघर्ष भी लड़े लेकिन अभी भी उस मुकाम पर हम नहीं पहुंच पाए हैं जो मुकाम भाखड़ा के शहरी और ग्रामीण विस्थापितों को मिलना चाहिए। रामलाल ठाकुर ने यह भी कहाकि आज भी जो विस्थापितों के हक की बात करता है या जो-जो संस्थाएं भाखड़ा विस्थापितों के हक के लिए संघर्षरत हैं मैं और कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़े हैं।
इसके साथ ही रामलाल ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर से कहा कि आप दोनों ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से हो तो बिलासपुर के भाखड़ा विस्थापितों के घावों को तो भर ही सकते हो, तो क्यों नहीं बिलासपुर के भाखड़ा विस्थापितों की समस्याओं को संसद तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। रामलाल ठाकुर ने झिड़ियां गांव में विधायक निधि से युवाओं के लिए खेल मैदान के लिए एक लाख रुपये, बैहल के किकरिवाली गांव में साढ़े पांच लाख रुपये, बड़ा बोरवेल लगाने के लिए खलनी गांव में जिन घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है वहां के लिए बड़ी पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करवा दिया है। इस मौके पर प्रधान चंचलो देवी, राम दास, सुरजीत राणा, प्यारे लाल सदस्य पंचायत समिति, अवतार कृष्ण, बुध राम व बब्बी अन्य लोग मौजूद थे।