यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 14 निजी बस चालकों के काटे चालान
ओवरलोडिंग, खुले दरवाजे, दरवाजों पर लटकी सवारियां नहीं होंगी बर्दाश्त
निजी बसों में सवारियां दरवाजों पर लटककर यात्रा करने को थीं मजबूर
शिकायतों के बाद भी बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी करते हैं बस चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं क्षेत्र में निजी बस चालकों की लगातार बढ़ती मनमानी आखिरकार पुलिस की सख्ती के आगे ढेर होती नजर आ रही है। लंबे समय से यातायात नियमों को ताक पर रखकर चल रहीं निजी बसों के खिलाफ घुमारवीं पुलिस ने व्यापक अभियान छेड़ दिया है। ओवरलोडिंग, खुले दरवाजों में तेज रफ्तार बसें चलाना, दरवाजों पर लटकी सवारियों के साथ सफर कराना और यात्रियों की सुरक्षा से खुला खिलवाड़ अब पुलिस की कार्रवाई के दायरे में आ चुका है।
पुलिस थाना घुमारवीं के अंतर्गत कई रूटों पर निजी बसों में क्षमता से कहीं अधिक सवारियां भरने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। हालात यह हो गए थे कि बसों में खड़े होने की भी जगह नहीं रहती थी और सवारियां दरवाजों पर लटककर यात्रा करने को मजबूर थीं। कई बार बसें कई-कई किलोमीटर तक खुले दरवाजों में दौड़ती रहीं, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी रहती थी। सबसे चिंताजनक बात यह थी कि इन बसों में रोजाना स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी सफर कर रहे थे। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने कई बार इस लापरवाही को लेकर प्रशासन से शिकायत की थी। इसके बावजूद निजी बस चालक बेखौफ होकर नियमों की अनदेखी करते रहे। लगातार मिल रही शिकायतों, बढ़ते जनआक्रोश और संभावित दुर्घटनाओं के खतरे को देखते हुए घुमारवीं पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। पुलिस द्वारा प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नाके लगाकर निजी बसों की सघन जांच शुरू की गई है। पिछले दो दिनों के भीतर ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर करीब 14 निजी बस चालकों के चालान काटे जा चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि यात्रियों की जान बचाने के उद्देश्य से की जा रही है। जानकारी के अनुसार निजी बस चालकों के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें दर्ज हो रही थीं। कई मामलों में जब पुलिस या यातायात कर्मियों ने नियमों का पालन कराने की कोशिश की, तो चालकों द्वारा बदतमीजी और दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आईं। बार-बार समझाने और चेतावनी देने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते अब पुलिस ने बिना किसी ढील के सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोट
सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन और सवारियों की जान से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से भी अपील है कि इस तरह की लापरवाही की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर हादसों को रोका जा सके।
संदीप धवल, पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर