- टीम के साथ शहर के निरीक्षण पर निकले डीएसपी
-खबर छपने के बाद हरकत में आया विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर में फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस मंगलवार को एक्शन मोड में नजर आई। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह और थाना प्रभारी अमिता चौधरी स्वयं टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया।
पुलिस की टीम ने गांधी चौक से लेकर तहसील परिसर तक जाने वाली सड़क का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर पुलिस ने सड़क किनारे खड़ी की गई गाडिय़ों, दोपहिया वाहनों का चालान कर दो टूक शब्दों में कड़ी चेतावनी दी कि ऐसा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण शहर में सहन नहीं किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था पर असर पड़ रहा हो। फिर चाहे वह अतिक्रमण फुटपाथ पर खड़ी की गई गाडिय़ों का हो या फिर दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान सजा कर रख कर किया गया अतिक्रमण हो। बताते चलें कि त्योहारी सीजन में शहर में बढ़ते यातायात दबाव के चलते पूरा दिन जाम की स्थिति बन रही थी। इसमें सबसे ज्यादा खराब स्थिति गांधी चौक से लेकर तहसील परिसर तक जाने वाली सड़क पर थी। इस पर पूरा दिन घंटों जाम लगने से दुकानदार और पैदल चलने वाले लोग परेशान थे। अमर उजाला ने इस मुद्दे को सोमवार के अंक में त्योहार पर घुमारवीं में चरमराने लगी यातायात व्यवस्था, घंटों लग रहा जाम नामक शीर्षक से प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद मंगलवार को पूरा पुलिस प्रशासन दलबल के साथ सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए उतर गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के धड़ाधड़ चालान काटे गए। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अब आगे भी जारी रहेगी, क्योंकि त्योहार का सीजन होने के चलते शहर में ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।