घुमारवीं(बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी में शहीद कमलजीत की पत्नी ने अपने पड़ोसियों के खिलाफ गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भराड़ी थाना के तहत तलवाड़ गांव की कांता देवी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया है कि वो आईपीएच विभाग में कार्यरत है। वो शहीद कमलजीत की पत्नी है और अपने बेटे और बेटी के साथ तलवाड़ा में रहती है। उनके पति सेना में सेवारत थे और जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए थे। कांता देवी का बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है। वहीं बेटी चंडीगढ़ में अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है।
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह नया घर बना रही है जिसका निर्माण कार्य चल रहा है। घर की छत में लेंटर डालने के लिए सेटरिंग हुई थी लेकिन तभी गांव के ही कुछ लोग आए और घर के पिल्लर के लिए लगा हुआ सरिया और लेंटर की सेटरिंग तोड़ कर गालीगलौज करने लगे। फूला देवी, सत्या देवी, रामलाल, अतर सिंह, कला देवी, कमला देवी और कर्मचंद को जब कांता देवी ने यह सब करने से रोका तो वो उसे मारने के लिए उसके पीछे भागे। कांता देवी ने बताया कि वो घर में ताला लगाकर किसी तरह जान बचाकर भागी लेकिन जब वह वापिस आई तो उसके घर का ताला टूटा हुआ था। वहीं घर पर तोड़ फोड़ की गई थी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि की है।