- निर्माणाधीन रेल लाइन में काम कर रहा था नेपाल का विकास
- पोकलेन ऑपरेटर पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वारघाट थाना क्षेत्र के मैहला में रेल लाइन के निर्माण में लगे एक कामगार व्यक्ति पर पोकलेन का ब्रेकर गिर गया। इससे कामगार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोकलेन ऑपरेटर पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को दिए बयान में राकेश कुमार निवासी गांव ओडीधार डाकघर कोट खमरादा जिला मंडी ने बताया कि रेल लाइन के काम में लगा हूं। वीरवार शाम को सभी कामगार ड्यूटी खत्म करके मैहला में निर्माणाधीन टनल के बाहर निकले। तभी पोकलेन ऑपरेटर राधा कृष्ण ने विकास थापा (23) पुत्र सोम बहादुर निवासी धेमू पालिका-5 महात जिला पूर्वी रुकुम नेपाल और उसे आवाज लगाकर बुलाया। उसने कहा कि ब्रेकर को मशीन से उठाकर जीप में डालना है। राधा कृष्ण ने पोकलेन मशीन को स्टार्ट कर बूम में लगे ऑटोमेटिक कैचर का लॉक खोल कर बकेट को अलग किया। फिर वहां पड़े भारी बजनी ब्रेकर को कैचर के साथ लगाया, लेकिन लॉक नहीं किया। पोकलेन ऑपरेटर ने उन दोनों को ब्रेकर को पकड़ने के लिए कहा। विकास थापा और उसने ऑपरेटर राधा कृष्ण को कैचर को लॉक करने को भी कहा, लेकिन उसने एकदम से ब्रेकर को ऊपर उठा दिया। इसी दौरान ब्रेकर कैचर से निकल कर विकास थापा पर गिर गया। ब्रेकर के नीचे दबने से विकास थापा बुरी तरह से घायल हो गया। उसे कंपनी की एंबुलेंस से एम्स पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गए। डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।