बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर रोडवेज बस में दिल्ली से आ रहा संभल जिले का एक टेलर युवक जहर खुरानी गिरोह का शिकार हो गया। लोग उसका पर्स आदि चुराकर ले गए। रोडवेज बस चालक ने उसे हाईवे किनारे अर्द्व मूर्छित हालत में बस से उतार दिया। रात के अंधेरे में टेलर को हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया।
संभल जिले के थाना मैनाठेर के ग्राम बरेठा निवासी असलम पुत्र इबने हसन के अनुसार वह दिल्ली में टेलर का काम करता है। शुक्रवार को वह दिल्ली से रोडवेज बस के द्वारा अपने घर जाने को मुरादाबाद के लिए चला था। बकौल पीड़ित, रास्ते में बस में किसी ने उसे विषाक्त पदार्थ खिला दिया, जिसके कारण वह बेहोश हो गया। इसके बाद रोडवेज बस का चालक परिचालक शुक्रवार की रात में उसे कोतवाली क्षेत्र के नैनीताल हाईवे स्थित ग्राम मुल्लाखेड़ा के समीप हाईवे किनारे उतार गया। वह अर्द्ध मूर्छित अवस्था के दौरान हाईवे किनारे वाहनों को रोकने का इशारा कर रहा था। इस दौरान कोई अज्ञात वाहन उसे टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर गया। घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह एंबुलेंस के जरिए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवा दिया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने मूर्छित युवक की तलाशी ली तो उसके पास से कुछ भी बरामद नहीं हो सका। शनिवार की सुबह युवक ने पुलिस को सारी घटना बताई। युवक ने पुलिस को यह भी बताया कि विषाक्त पदार्थ खिलाने वाले लोग उसका पर्स, फोन आदि चुरा कर ले गए हैं। इसके बाद युवक बिना किसी पुलिस कार्रवाई के ही अपने घर चला गया। उक्त संदर्भ में कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह का कहना है घटना उनके संज्ञान में नहीं है, अगर कोई तहरीर आती है तब वह रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। फिलहाल उनके क्षेत्र में जहर खुरानी जैसी कोई घटना नहीं हुई है।