स्वनिधि महोत्सव में स्ट्रीट वेंडर्स, स्वयं सहायता समूहों और अधिकारियों का सम्मान
टाउन हॉल में कार्यक्रम, लाभार्थियों, बैंकों, अधिकारियों को किया सम्मानित
पीएम स्वनिधि योजना के छह वर्ष पूरे होने पर बिलासपुर में कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के छह वर्ष पूरे होने पर टाउन हॉल में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त राजकुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स, स्वयं सहायता समूहों, बैंकों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
सहायक आयुक्त राजकुमार ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान प्रभावित रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए शुरू की गई पीएम स्वनिधि योजना आज आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन चुकी है। योजना के तहत बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध करवाकर छोटे कारोबारियों को अपने व्यवसाय को दोबारा खड़ा करने और आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि सरकार स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ रही है। उन्होंने लाभार्थियों से डिजिटल लेन-देन अपनाने और ऋण की समय पर अदायगी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में अधिक ऋण सुविधाएं और अन्य लाभ प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि योजना से मिले ऋण ने उनके कारोबार को नई दिशा दी है। एलडीएम यूको बैंक की ओर से डिजिटल लेन-देन और वित्तीय साक्षरता पर जानकारी दी गई, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने नशा निवारण विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया।
नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा ने बताया कि योजना के तहत लाभार्थियों को कार्यशील पूंजी ऋण के साथ सात प्रतिशत ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर कैशबैक और क्रेडिट कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। वहीं, पीएम स्वनिधि से समृद्धि पहल से लाभार्थियों और उनके परिवारों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में लाभार्थियों को पहचान पत्र, क्रेडिट कार्ड और अन्य प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्ट्रीट वेंडर्स मौजूद रहे।