राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों और टीम स्टाफ को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र को भविष्य में स्पोर्ट्स टूरिज्म के रूप में विकसित किया जाएगा। यह बात तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने घुमारवीं में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बालिका अंडर-19 हैंडबाल प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कही।
मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले देशभर से आए खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर को हिमाचली टोपी और हूडी देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान हिमाचल प्रदेश की ओर से देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, ताकि वे यहां से लौटते समय हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और अतिथि देवो भव की भावना की मधुर स्मृतियां अपने साथ ले जा सकें। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त मंच है। ऐसे आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, बल्कि क्षेत्र को राष्ट्रीय पहचान भी प्राप्त होती है। विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर का पहला खेल आयोजन था। कुछ व्यवस्थागत कमियां सामने आईं, जैसे खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था और मौसम के कारण उत्पन्न कठिनाइयां। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन्हीं अनुभवों से सीख लेकर भविष्य में और बेहतर तैयारियां की जाएंगी। मंत्री ने जानकारी दी कि आने वाले समय में यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक आधुनिक इंडोर स्टेडियम निर्मित किया जा रहा है जिससे मौसम की बाधा के बिना राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा सकेंगीं। इसके साथ ही औहर क्षेत्र में लगभग 200 कमरों की क्षमता वाला मल्टीप्लेक्स परिसर भी तैयार किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों एवं आयोजनों से जुड़े प्रतिभागियों को बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध होगी।