श्री नयना देवी जी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेले के तीसरे दिन माथा टेकने के लिए कतार में खड़े श्रद्?
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। श्री नयनादेवी जी में श्रावण अष्टमी मेले के तीसरे दिन सुबह 8:00 से शाम 6:00 बजे तक करीब 23 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। रविवार को मूसलाधार बारिश पर श्रद्धालुओं की श्रद्धा भारी पड़ी। श्रद्धालु रेन कोट तो कुछ बिना छाता लिए लाइनों में खड़े होकर दर्शन करने के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
शक्तिपीठ में दूसरे मेले के दौरान मंदिर न्यास को 14,95,893 लाख रुपये नकदी, 16 ग्राम 800 मिलीग्राम सोना, 4 किलो 300 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई। एक डॉलर विदेशी मुद्रा भी प्राप्त हुई। यह जानकारी मेला सह अधिकारी एवं न्यास अध्यक्ष राज कुमार ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि तीसरा मेला भी शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गया। नगर परिषद, मंदिर न्यास और जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है।
होमगार्ड ने बचाई श्रद्धालु की जान
श्रावण अष्टमी मेले के दौरान होमगार्ड के जवानों ने एक श्रद्धालु की जान भी बचाई। श्री नयनादेवी जी में दर्शन करने के लिए आए वेयंत सिंह पुत्र निर्मल सिंह दीड़वां संगरूर पंजाब को अचानक दिल का दौरा पड़ गया। इसकी सूचना मंदिर सुरक्षा प्रभारी सीनियर प्लाटून कमांडर रमेश चंद को मिली। सूचना मिलते ही रमेश चंद अपनी टीम सहित भारी बारिश में मौके पर पहुंचे और तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। श्रद्धालु को स्ट्रेचर पर उठाकर स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां पर इलाज जारी है।