श्री नयना देवी जी में दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालु। संवाद
नववर्ष पर हजारों श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचे शक्तिपीठ
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में नववर्ष की पूर्व संध्या पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं दर्शन करने के लिए पहुंचे। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से काफी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में दर्शन करके नववर्ष का आगाज करने पहुंचे। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने प्रदेश सरकार के निर्देशों के अनुसार दो दिवसीय नववर्ष मेलों के दौरान श्रद्धालुओं के सुविधा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। श्रद्धालुओं के खान-पान का सारा जिम्मा पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने उठाया है। उन्हें खान-पान पर एक भी पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है। दुर्गा सेवा दल, सेवा सोसायटी लुधियाना, लंगर कमेटी पटियाला, लंगर कमेटी नाभा की ओर से स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे जा रहे हैं और यह सिलसिला कल तक चलता रहेगा। दुर्गा सेवा दल के प्रधान मुरारी लाल मित्तल, पटियाला लंगर कमेटी के प्रधान रमन सिंगला ने बताया कि पंजाब की यह समाजसेवी संस्थाएं नववर्ष के दौरान श्रद्धालुओं के खान-पान की व्यवस्था करती हैं और साफ सफाई का पूरा ध्यान रखा जाता है। मंदिर न्यास के अध्यक्ष एसडीएम धर्मपाल ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं पूरी तरह से सुचारु हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े इसके लिए स्वयं हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं।