यदि आप चाहते हैं कि डाक टिकट पर आपका अपना या किसी अपने का फोटो लगे, तो आपकी यह ख्वाहिश जल्द पूरी होगी। जी हां, डाकघर विभाग ने नई योजना माई स्टैंप शुरू की है। इसके तहत आप डाक टिकट पर अपनी फोटो लगा सकते हैं। यह सुविधा जल्द ही मुख्य डाकघर बिलासपुर में शुरू होने जा रही है।
जानकारी के मुताबिक इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को डाकघर में 300 रुपये देकर अपना माई एकाउंट खुलवाना होगा। इसमें 60 रुपये की टिकटें दी जाएंगी। इसमें पांच-पांच रुपये की 12 टिकटें शामिल होंगी। इन टिकटों पर व्यक्ति अपना फोटो लगवा सकता है। एकाउंट खुलवाने के समय व्यक्ति को अपना फोटो देना होगा, जिसे टिकटों पर प्रिंट करके दिया जाएगा। इसका प्रयोग किसी भी रजिस्ट्री के लिए किया जा सकता है। हालांकि हमीरपुर डाक मंडल सहित शिमला और कांगड़ा आदि जिलों में यह सुविधा शुरू हो चुकी है। अब बिलासपुर में यह सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है। सोमवार को बिलासपुर में आयोजित डाक टिकट प्रदर्शनी में माई स्टैंप के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान माई स्टैंप की 55 शीटलैट्स बनाई गईं।
बिलासपुर प्रधान डाकघर में माई स्टैंप सुविधा शुरू करने के लिए सर्कल कार्यालय शिमला को प्रपोजल बनाकर भेजा गया है। इसकी अप्रूवल मिलते ही सुविधा शुरू कर दी जाएगी।
- बली राम, प्रवर अधीक्षक, डाक मंडल, हमीरपुर