सहायता राशि बढ़ाने, नए सदस्यों को जोड़ने और कार्यशालाएं आयोजित करने पर बनी सहमति
फोटोग्राफर एसोसिएशन हमीरपुर की ब्लॉक स्तरीय बैठक घुमारवीं में आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। फोटोग्राफर एसोसिएशन हमीरपुर हिमाचल प्रदेश की ब्लॉक स्तरीय बैठक घुमारवीं में हुई। इसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान सुनील कुमार ने की। संस्थापक सदस्य रमेश नामदेव बैठक में मुख्यातिथि रहे। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यों के हित से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। घुमारवीं के फोटोग्राफरों ने एसोसिएशन से सहायता राशि को 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये करने का सुझाव दिया। वहीं, अधिक से अधिक फोटोग्राफरों को एसोसिएशन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों से निर्धारित शुल्क जमा करवाने और संगठन के प्रति सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में सभी सदस्यों के नए पहचान पत्र बनाने के लिए आवश्यक जानकारी और फोटो उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया। फोटोग्राफी से संबंधित कार्यशाला और चित्र प्रदर्शनी आयोजित करने की योजना पर भी सहमति बनी। मंडल स्तर पर होने वाले कार्यक्रमों में फोटोग्राफरों को उचित अवसर और पहचान दिलाने के प्रयास करने की बात कही गई। घुमारवीं ब्लॉक की कार्यकारिणी में झंडूता क्षेत्र से हेम राज और पवन कुमार को शामिल किया गया। गैर-पंजीकृत फोटोग्राफरों को भी जरूरत के समय सहायता देने का सुझाव रखा गया। बैठक में प्रधान सुनील कुमार ने मुख्यातिथि रमेश नामदेव को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उपप्रधान जेडी आजाद, सचिव कमलेश कुमार और कोषाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदलाल धीमान को स्मृति चिह्न भेंट किया। अध्यक्ष नंदलाल धीमान ने उपप्रधान जेडी आजाद को सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़सर ब्लॉक के सहसचिव जय गोपाल, कांगड़ा इकाई के प्रधान समीर कुमार और संस्थापक समिति के सचिव अनिल सोनी भी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सदस्यों ने संगठन की एकता और हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।