-वाहन चालक मौके से फरार, तलाश शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी बिलासपुर। पुलिस थाना घुमारवीं क्षेत्र के अबढानीघाट पास शनिवार रात को अज्ञात वाहन ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चकराणा गांव का 43 वर्षीय प्रदीप कुमार मानसिक तौर पर अस्वस्थ रहता है। शनिवार को वह घर से निकल गया था। घुमारवीं के डीएवी स्कूल के नजदीक अबढानीघाट में वाहन ने टक्कर मार दी। शनिवार रात करीब एक बजे स्थानीय लोगों ने सड़क पर कराहते हुए व्यक्ति की आवाज सुनी, जिस पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को घुमारवीं अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स में घायल का उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि घायल प्रदीप कुमार को टांग, सिर और अन्य जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं। टक्कर मारने वाले वाहन की पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी कर्म सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।