-उपायुक्त से पैदल मार्ग बनाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। शहर के डियारा सेक्टर में अवैध पार्किंग और लावारिश पशुओं के हमलों से नगरवासी परेशान हैं। हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि पशु कब कहीं से निकल कर हमला कर देे, किसी को पता नहीं चलता।
डियारा में राजकीय माध्यमिक पाठशाला से लेकर सिविल डिस्पेंसरी तक सड़क के दोनों ओर वाहनों की पार्किंग है। यहीं पर स्कूली बस, प्राइवेट बस, मालवाहक वाहन, जीप, कार आदि खड़े रहते हैं। इससे न सिर्फ सड़क छोटी हो जाती है, बल्कि वाहनों की आवाजाही में भी दिक्कत होती है। लोग सुबह-शाम सड़क पर सैर करने जाते है, जो कि किसी खतरे से खाली नहीं है। पूर्व पार्षद रच्छपाल, रविंद्रनाथ, एचआर आजाद, जगदीश कुमार, राजेंद्र चौहान, पुनीत कौंडल, रवि, राजीव, संजीव ने कहा है कि यहां अवैध पार्किंग पर प्रशासन का कोई अंकुश नहीं है। वाहनों की लंबी कतारों से मार्ग छोटे पड़ गए हैं। उन्होंने उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक से मांग की है कि जिस प्रकार प्रशासन ने कॉलेज चौक से थाने तक राहगीरों के पैदल चलने के लिए पैदल मार्ग बनाया है ठीक उसी प्रकार डियारा में भी पैदल मार्ग बनवाया जाए। उन्होंनेे प्रशासन का सड़क पर की गई टायरिंग के लिए आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि सेक्टर पर जगह-जगह गति अवरोधक लगाए जाएं, ताकि कोई अप्रिय हादसा पेश न आए। मनोनीत पार्षद मनीष शर्मा, एसएल पंवर और संजीद खान ने बताया कि वह इस मसले को लेकर उपायुक्त से मुलाकात करेंगे और इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाएंगे।