पंचायती राज चुनावों का पहले ही कर चुके हैं बहिष्कार
कहा, समस्या का समाधान नहीं हुआ तो नहीं करेंगे मतदान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत भड़ोली कलां के वार्ड नंबर-1 भड़ोली खुर्द के ग्रामीणों ने बुधवार को उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार से मुलाकात कर सड़क सुविधा की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी पंचायती राज चुनावों का बहिष्कार किया जाएगा। हालांकि ग्रामीण पहले ही चुनाव बहिष्कार की बात कर चुके हैं।
ग्रामीणों ने उपायुक्त को बताया कि पिछले करीब 25 से 30 वर्षों से वार्ड को पक्की सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। सड़क न होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव तक एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पाती और किसी के बीमार होने पर आज भी पालकी का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि चुनावों के दौरान नेताओं और प्रत्याशियों द्वारा केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन बाद में समस्या को भुला दिया जाता है। इस बार ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि वे केवल आश्वासनों पर भरोसा नहीं करेंगे। उन्होंने बताया कि यह सड़क सनीहरा और गंडीर पंचायतों को भी जोड़ती है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ मिलेगा। कच्ची सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
इस दौरान सुनील कुमार, भाग सिंह, दीपक कुमार, सरोज कुमारी, सीता देवी, सीमा देवी, श्याम लाल, रंजना देवी, संजय कुमार, सीता राम, भाग देई, रतनी देवी, सपना देवी, स्वर्णा देवी, मीना कुमारी, ज्योति कुमारी, कृष्ण चंद, अंजू देवी, विजय कुमार, गोरखा राम, अमित कुमार, कश्मीर सिंह और करन सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। उधर, उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि ग्रामीणों ने अपनी समस्या उनके समक्ष रखी है। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित विभाग के माध्यम से मामले पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।