शिमला-मटौर फोरलेन निर्माण कार्य के चलते ब्रह्मपुखर क्षेत्र में उड़ी रही धूल। संवाद
जुखाला (बिलासपुर)। शिमला-मटौर फोरलेन निर्माण कार्य के चलते ब्रह्मपुखर के पास उड़ रही धूल से स्थानीय लोग और राहगीर परेशान हैं। निर्माण कार्य में लगी कंपनी की ओर से धूल नियंत्रित करने के लिए पानी का छिड़काव तो किया जा रहा है, लेकिन इसके समय के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कंपनी की ओर से सुबह करीब नौ से दस बजे के बीच सड़क पर पानी का छिड़काव किया जाता है। वहीं, सुबह आठ बजे के आसपास अधिकांश लोग अपने कामकाज के लिए घरों से निकलते हैं। इसी समय स्कूली बच्चों की भी सड़क पर आवाजाही रहती है। सुबह के समय वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण सड़क से धूल के गुबार उठते हैं।
इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी राजेंद्र, गोपाल, रमेश, रामपाल और पंकज सहित अन्य ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी से पानी के छिड़काव का समय बदलकर सुबह करीब आठ बजे निर्धारित करने की मांग की है।
उनका कहना है कि इससे कामकाज और स्कूल जाने वाले लोगों को धूल से राहत मिल सकेगी। उधर, कनिष्ठ अभियंता अभय कुमार ने बताया कि लोगों की मांग के अनुसार अब सुबह जल्दी पानी का छिड़काव करवाया जाएगा, ताकि किसी को समस्या न हो।