हर दो दिन बाद बाधित हो रही पेयजल योजना
लोगों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी क्षेत्र में लोगों को पेयजल आपूर्ति समस्या से जूझना पड़ रहा है। व्यवस्था सुचारू न होने के कारण लोगों में जल शक्ति विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि हर दो दिन बाद पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है, जिसका स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी आता भी है तो केवल एक घंटा ही रहता है। नवरातत्र के दौरान में भी उन्हें समस्या का सामना करना पड़ा। यह सिलसिला कई माह से चला आ रहा है। विभाग के अधिकारी बिजली बंद, पाइप फट जाना और ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाना कारण बताते रहते हैं। स्थानीय निवासी नीलम, नीना शर्मा, अमित कुमार शर्मा, प्रतिभा कुमारी, प्रमिला शर्मा,भारत भूषण, निखिलेश कुमार, अलकेंद्र भूषण और गौरव शर्मा का कहना है कि विभाग ने हाल में उनके हाथों में पानी के बिल थमा दिए, लेकिन पेयजल आपूर्ति सही से नहीं हो रही है। इससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। श्री नयना देवी जी क्षेत्र के लिए कोट से 2012 में पेयजल योजना शुरू हुई है, जिस पर करीब 6.5 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। जब योजना शुरू हुई तो लोगों को उम्मीद बंधी थी कि अब उन्हें पेयजल संकट से हमेशा के लिए छुटकारा मिल जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उधर, अधिशासी अभियंता श्याम सिंह पुंडीर ने कहा कि राइजिंग मेन लाइन में लीकेज के कारण यह समस्या हुई है। पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुचारु कर दी जाएगी।