पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड की संयुक्त बैठक में की गई चर्चा
एनजीओ भवन की देखभाल के लिए ट्रस्ट का गठन करने की मांग उठाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन सदर खंड की संयुक्त बैठक प्रधान दौलत राम चौहान प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पेंशनरों ने निर्णय लिया कि यदि सरकार मांगें नहीं मानती है तो उनका संघर्ष जारी रहेगा।
खंड सचिव राम प्रकाश ने बैठक में गत 20 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में जिले भर से पहुंचे पेंशनरों का आभार जताया। पेंशनरों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। सरकार को चेताया कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आगामी संघर्ष की रूपरेखा बनाई जाएगी।
जिला महामंत्री चेतराम वर्मा ने कहा है कि एनजीओ भवन को 1990 में उस समय के कर्मचारियों के प्रयासों से बनाया गया था। आज इसकी हालत खस्ता है। यहां पर एक हॉल और बारह दुकानों का निर्माण किया गया था जिसकी सही ढंग से देखभाल नहीं हो रही है। दुकानों का किराया भी दुकानदारों द्वारा कई सालों से नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया कि भवन की देखभाल के लिए ट्रस्ट का गठन किया जाए। भवन के साथ पड़ी खाली जमीन पर एक बड़ा हाल बनाया जाए।
पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि आर्थिक तंगी का रोना बंद कर उनकी मांगों पर विचार किया जाए। लंबित बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए। दिवाली के मद्देनजर अक्तूबर की पेंशन 30 तारीख को दी जाए। इस मौके पर प्रदेश मुख्य सलाहकार जेके नड्डा, शहरी इकाई के प्रधान रविंदर भट्टा, ओम प्रकाश गर्ग और बाबू राम गौतम सहित अन्य मौजूद रहे।
सरकार की नीति और नीयत पेंशनरों के हक में नहीं : चेतराम
मार्कंडेय में आयोजित हुई जुखाला इकाई की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जुखाला इकाई की द्विमासिक बैठक महर्षि मार्कंडेय मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष संतराम कश्यप ने की। इकाई की गतिविधियों और मांगों पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने इकाई की गतिविधियों का ब्योरा रखा और नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में जुखाला इकाई से 26 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। जिला कार्यकारिणी के महामंत्री चेतराम वर्मा ने इकाई के सदस्यों से एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत और नीति दोनों ही पेंशनरों के हक में नहीं है। इसलिए हो सकता है कि आगे भी संघर्ष का मार्ग अपनाना पड़े।
डॉ. प्रेम शर्मा और हेमराज संख्यान ने कहा कि सरकार पेंशनरों के देय लाभ शीघ्र जारी करे, अन्यथा वे लंबे संघर्ष के लिए बाध्य हो जाएंगे। बैठक में इकाई उपाध्यक्ष स्व. बुद्धि सिंह कौशल की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।