हिमाचल प्रदेश पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला बिलासपुर की जुखाला इकाई की बैठक में चर्चा करते हुए।
अगली बैठक 30 नवंबर को, आपदा में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि
सरकार से पेंशनरों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का किया आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन की जुखाला इकाई की द्विमासिक बैठक महर्षि मार्कंडेय मंदिर परिसर के सभागार में उप प्रधान गीता कौंडल की अध्यक्षता में हुई। बैठक की शुरुआत हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में हाल की प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वालों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने से हुई।
सचिव पुरुषोत्तम दास शर्मा ने इकाई की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि झंडूता व घुमारवीं ब्लॉक में पेंशनरों ने अपनी मांगों को लेकर रैली निकालकर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा है। इसी तर्ज पर जल्द ही सदर ब्लॉक में भी रैली निकाला कर ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें जुखाला इकाई के अधिकतम पेंशनर भाग लेंगे। बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने सरकार से पेंशनरों की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह करते हुए चेताया कि अगर अनदेखी जारी रही तो सरकार को इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। तय किया गया कि अगली बैठक 30 नवंबर को झंडा मंदिर परिसर में होगी, जिसमें 70 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनरों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक के उपरांत वरिष्ठ सदस्य जीतराम शास्त्री द्वारा आयोजित प्रीतिभोज का सभी ने आनंद लिया और उनके स्वस्थ व दीर्घायु होने की कामना की। बैठक में पुरुषोत्तम दास शर्मा, श्यामलाल ठाकुर, दीप राम शर्मा, प्रेमलाल ठाकुर, बाबूराम ठाकुर, रोशन लाल, लक्ष्मण भवानी, उमा बंसल, गीता कौंडल, कृष्णा शर्मा, मदन लाल शर्मा और नरेंद्र शर्मा सहित 50 से अधिक पेंशनर उपस्थित रहे।