बिलासपुर में खाली पड़ा तहसील कार्यालय व कार्य करते कर्मचारी। संवाद
जिले भर में ठप पड़े राजस्व कार्य, खाली रहे तहसील कार्यालय
कुल्लू में तहसीलदार से मारपीट को लेकर खफा है संघ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कुल्लू में तहसीलदार के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को हिमाचल प्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के आह्वान पर पूरे प्रदेशमें तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने पेन डाउन स्ट्राइक की। बिलासपुर जिले में भी सभी तहसीलों और उप-तहसीलों के कार्यालयों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। लोग राजस्व कार्य करवाने के लिए कार्यालयों में पहुंचे, लेकिन काम नहीं हुआ।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी दे रहे तहसीलदार के साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी की और उन्हें घसीटते हुए लात-घूंसे मारे। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे प्रदेश में राजस्व अधिकारी वर्ग में भारी रोष फैल गया। अधिकारियों ने कहा कि यह हमला न केवल एक अधिकारी पर बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र पर किया गया है, जिसकी निंदा हर स्तर पर की जानी चाहिए। बिलासपुर जिले के सभी तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अधिकारियों ने कहा कि अगर सरकार मामले में शामिल लोगों के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाती, तो राजस्व अधिकारी आंदोलन को और तेज करेंगे।
इस दौरान जिलेभर में भूमि संबंधी काम, इंतकाल, प्रमाण पत्र जारी करने, रजिस्ट्रियां और अन्य राजस्व कार्य बुरी तरह प्रभावित रहे। लोगों को निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ा। राजस्व अधिकारी संघ ने साफ कहा है कि वे अपने साथियों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करेंगे। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासनिक सेवाओं में कार्यरत अधिकारियों का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। बिलासपुर, घुमारवीं, झंडूता और स्वारघाट में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तहसीलदार बालकृष्ण और संजीव प्रभाकर ने बताया कि संघ के आह्वान पर पेन डाउन स्ट्राइक हुई। कुल्लू में हुई घटना निंदनीय है, सरकार शीघ्र इस पर ठोस कार्रवाई करे।