बिलासपुर में 74वें स्वतन्त्रता दिवस समारोह में पुलिस के जवानों की सलामी लेते पशुपालन, कृषि एवं मत?
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। जिला स्तरीय 74वां स्वतंत्रता दिवस समारोह मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के खेल मैदान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर मुख्यातिथि ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, पशु पालन व मत्स्य मंत्री वीरेंद्र कंवर ने ध्वजारोहण किया और पुलिस बल, होमगार्ड, नेबल विंग द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने चंगर स्थित शहीद स्मारक में माल्यार्पण कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि हम सभी उन वीर सपूतों को नमन करते हैं। जिन्होंने देश की आजादी के लिए कड़ा संघर्ष किया और कुर्बानियां दी। कहा कि जिला बिलासपुर ने भी विकास के इस पथ में नए आयाम छुए हैं। जिला बिलासपुर में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने तथा उन्हें स्वरोजगार अपनाने के प्रति प्रेरित करने के लिए झंडूता क्षेत्र के बरसंड गेहड़वीं और घुमारवीं क्षेत्र के चैहड़ी में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग की ओर प्रदेश डिस्ट्रिक्ट गुड गवर्नेंस-2019 के 18 मुख्य विषयों, 45 मानकों और सात थीम्स के आधार पर तैयार की गई सूची में सभी अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए बिलासपुर जिला को प्रथम पुरस्कार 50 लाख का प्राप्त हुआ है। जिसके लिए उन्होंने बधाई दी। उन्होंने कोरोना वैश्विक महामारी से निपटने के लिए वारियर्स द्वारा दिए गए सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर नटराज कला मंच के कलाकारों देशभक्ति पर आधारित समूह गान प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विधायक सदर सुभाष ठाकुर, विधायक जेआर कटवाल, पूर्व विधायक रणधीर शर्मा, जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान, उपायुक्त राजेश्वर गोयल, पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा, एडीएम विनय धीमान, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।