घुमारवीं (बिलासपुर)। उपमंडल की ग्राम पंचायत घुमारवीं में सरकारी सीमेंट की 135 बोरियां खराब होने के मामले में प्रशासन हरकत में आया है। अमर उजाला की ओर से मामला उजागर करने के बाद एसडीएम घुमारवीं राजीव ठाकुर ने पंचायत से जवाब तलब किया है और एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।
ग्राम पंचायत घुमारवीं के वार्ड नंबर एक टकरेहड़ा में 55 मीटर लंबी सड़क बनाने के लिए 135 बोरिया सीमेंट की तीन महीने पहले आईं थी। इन्हें एक घर के बरामदे में रखा गया है, लेकिन इतने लंबे समय तक खुले में रहने के कारण यह सीमेंट पत्थर बन गया। ग्रामीणों ने भी कई बार सड़क निर्माण कार्य शुरू करने की मांग की, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों ने कोई ध्यान नहीं दिया।
अब मामला जगजाहिर होते ही पंचायत में हड़कंप मच गया है। पंचायत प्रतिनिधि कह रहे हैं कि इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। जिस सप्लायर को अन्य निर्माण सामग्री का आर्डर दिया था, उसने वो सामग्री नहीं दी। इस कारण निर्माण शुरू नहीं हो पाया और सीमेंट की बोरियां खराब हो गईं। उधर, एसडीएम राजीव ठाकुर ने कहा कि सीमेंट खराब होने के मामले में घुमारवीं पंचायत से जवाब तलब किया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के आदेश भी जारी किए हैं। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।