बिलासपुर । नर्सिंग में आईजीएमसी शिमला से प्रशिक्षित बिलासपुर की बेटी पलक शर्मा ने लेखन में नया आयाम हासिल किया है। पलक की अंग्रेजी कविता ‘शान द डे ऑफ देवा स्टेशन’ का चयन नरवाना हरियाणा से प्रकाशित एक पुस्तक ब्लूमिंग स्काइज में हुआ है। प्रकाशन संस्थान ने पलक को प्रमाणपत्र भी दिया है। पुस्तक में स्थान पाने वाली पलक शर्मा हिमाचल की एकमात्र बेटी हैं।
पलक की आरंभिक शिक्षा बिलासपुर के प्राइमरी स्कूल में हुई। उसके बाद उसका चयन नवोदय विद्यालय बिलासपुर में हो गया। जहां से उसने जमा दो की परीक्षा पास की। उसके उपरांत आइजीएमसी शिमला में 5 वर्षीय नर्सिंग कोर्स हाल ही में पलक ने पूरा किया है। इस पुस्तक के प्रकाशक शानमुगप्रियो से पलक का संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से हुआ और पलक ने उन्हें अपनी कविताएं प्रेषित की।
प्रकाशक ने पलक की कविता को चुन लिया और उसे पुस्तक में स्थान दे दिया। इस पुस्तक में देश भर के विभिन्न लेखकों की करीब 40 कविताएं प्रकाशित हुई हैं। अब तक लगभग 38 कविताएं पूरी हो चुकी हैं जिनमें 18 हिंदी की कविताएं हैं।