बिलासपुर। घुमारवीं अस्पताल में अब जल्द ही ऑक्सीजन प्लांट लगेगा। ऑक्सीजन प्लांट अहमदाबाद से रवाना हो गया है। भाजपा के जिला अध्यक्ष स्वतंत्र सांख्यान और जिला मीडिया प्रभारी सोनल शर्मा ने यह जानकारी दी। कहा कि सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है।
कहा कि कोरोना महामारी के इस मुश्किल समय में पूरे प्रदेश को अनुराग ठाकुर ने बड़ी मदद दी है। अनुराग ठाकुर अपने निजी प्रयासों से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ऊना में 500 एलपीएम, हमीरपुर और बिलासपुर में 140-140 एलपीएम के ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट लगवा रहे हैं। घुमारवीं का सरकारी अस्पताल जिसे हाल ही में कोविड केयर सेंटर बनाया गया है, में 140 एलपीएम का पीएसए ऑक्सीजन प्लांट लगेगा। यह प्लांट गुजरात के अहमदाबाद से बिलासपुर के लिए निकल चुका है। इस महीने के अंत तक यह ऑक्सीजन प्लांट इंस्टाल हो जाएगा। इससे कोरोना मरीजों को बड़ी मदद मिलेगी। अनुराग ठाकुर का यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। हाल ही में दिल्ली से मेडिकल उपकरण व सहायता सामग्री जिला मुख्यालय पहुंची है। उन्होंने अनुराग ठाकुर का आभार जताया है।