डीएवी बरमाणा में निंबस डिफेंस अकादमी ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डीएवी स्कूल, बरमाणा में 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए एक विशेष करिअर मार्गदर्शन सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र एसीसी स्पोर्ट्स क्लब में निंबस डिफेंस अकादमी के विशेषज्ञों की ओर से किया गया, जिसमें छात्रों को राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य सुनील गांगटा ने सत्र की शुरुआत करते हुए विषय विशेषज्ञों का स्वागत किया। इस अवसर पर विंग कमांडर इकबाल सिंह चहल, निदेशक अजय सिंह गुलेरिया, निदेशक प्रवीण शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेश वर्मा और सहायक प्रबंधक अनीश राणा ने छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान किया। सत्र का मुख्य उद्देश्य उन छात्रों को मार्गदर्शन देना था जो राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश के लिए इच्छुक थे। विशेषज्ञों ने छात्रों को एनडीए में शामिल होने के विभिन्न रास्तों, पात्रता मानदंड, परीक्षा प्रक्रिया और तैयारी की रणनीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा, उन्होंने रक्षा क्षेत्र में करिअर बनाने के लिए आवश्यक कौशल पर भी चर्चा की। सत्र के दौरान, छात्रों को वास्तविक जीवन के अनुभवों और प्रेरक कहानियों के माध्यम से वायु सेना में कॅरियर बनाने के कदम-दर-कदम मार्गदर्शन दिया गया। अंत में, छात्रों ने विषय विशेषज्ञों से अपनी शंकाओं के बारे में प्रश्न किए, जिनका समाधान प्रेरणादायक सुझावों के साथ किया गया।