- परिवहन निगम बिलासपुर ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम बिलासपुर की ओर से परिचालक को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। निगम की ओर से लगातार रूट के दौरान बसों की जांच की जा रही है, ताकि यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जानकारी के अनुसार घुमारवीं से मंडी भराड़ी रूट पर चलने वाली परिवहन निगम की बस को 13 मार्च को निगम के अधिकारियों की ओर से जांच के लिए रोका गया। इस दौरान परिचालक बस में नशे की हालत में पाया गया। इसके बाद परिवहन निगम की ओर से पुलिस की सहायता से परिचालक का मेडिकल कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में पाया गया कि परिचालक ने ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन किया था। इस पर परिवहन निगम ने कार्रवाई करते हुए परिचालक को निलंबित कर दिया। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक बिलासपुर विवेक लखनपाल ने बताया कि ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करने पर परिचालक को निलंबित कर दिया गया है। परिवहन निगम की ओर से रूट के दौरान बसों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर निगम की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी।