श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में शनिवार को लगभग 37 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने माता के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
नवरात्र के चलते मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर माता के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर में माथा टेकने के बाद परिसर में बैठकर कुछ समय बिताया और माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर क्षेत्र में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। नवरात्र के दौरान माता के दर्शन के लिए हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु शक्तिपीठ पहुंच रहे हैं।