बिलासपुर में बस की टक्कर के बाद घायल को अस्पताल ले जाते लोग व अस्पताल में मौजूद भीड़।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। नैनीताल हाईवे पर बाइक से अपनी दुकान पर जा रहे तीन युवकों को एक टूरिस्ट बस ने रौंद दिया। इसमें एक युवक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायलों को जिला अस्पताल भेजा और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव शिवनगर निवासी जुनैद (24) नैनीताल हाईवे पर आरोरा कॉलोनी के पास कारों की डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता था। उसके साथ ही गांव निवासी निजाम व मिलक खानम थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया जट निवासी अयूब भी काम करते हैं। बुधवार की सुबह दस बजे तीनों युवक एक बाइक से दुकान पर जा रहे थे। हाईवे स्थित महेश गार्डन कॉलोनी के पास सामने से आ रही एक टूरिस्ट बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके से बस के चालक और क्लीनर भागने लगे तो लोगों ने उन्हें दबोचकर मारपीट कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। कोतवाली के पास ही घटी घटना के बाद सूचना पर तत्काल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल भेजकर बस और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में कर लिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया और दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के पिता रफीक की ओर से अज्ञात बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।
बिलासपुर में बस की टकल्कर के बाद घायल को अस्पताल ले जाते लोग व अस्पताल में मौजूद भीड़।- फोटो : BILASPUR