बेलणा ब्राह्मणा पंचायत में जल स्रोत सूखने की शिकायत पर निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारी व पंचायत प्
बेलणा ब्राह्मणा के ग्रामीणों ने रेलवे कंपनी से वैकल्पिक व्यवस्था करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत बेलणा ब्राह्मणा के वार्ड नंबर पांच में जलस्रोत सूखने से ग्रामीणों के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। समस्या का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भूमि अधिग्रहण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद संबंधित रेलवे कंपनी के अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या से अवगत करवाया गया है।
पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने बताया कि वार्ड में जलस्रोत सूखने के कारण ग्रामीणों को पेयजल की परेशानी झेलनी पड़ रही है। इस संबंध में उपायुक्त बिलासपुर को शिकायत पत्र सौंपा गया था। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए भूमि अधिग्रहण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। अब रेलवे कंपनी के अधिकारियों को भी पत्र भेजा गया है, ताकि समस्या का समाधान किया जा सके।
स्थानीय निवासी रामलाल ने बताया कि संबंधित जलस्रोत उनकी निजी भूमि पर स्थित है। करीब 25 वर्ष पहले उन्होंने इसी स्रोत से अपने घर तक पानी पहुंचाने के लिए पेयजल योजना तैयार की थी। उन्होंने कहा कि अब दोबारा इस स्थान से पानी की व्यवस्था करने पर करीब एक से दो लाख रुपये खर्च हो सकते हैं। ऐसे में आम ग्रामीणों के लिए अपने स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करना मुश्किल है।
उन्होंने रेलवे कंपनी से प्रभावित वार्ड के लोगों के लिए पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग उठाई, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।