-एनीमिया को कम करने के लिए अधिक प्रयास की करने की जरूरत
बचत भवन में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बचत भवन में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम की जिला स्तरीय समन्वय समिति बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बिलासपुर में स्कूली बच्चों के समग्र स्वास्थ्य पर बल देने के लिए शिक्षा,स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चलाया गया स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम मुख्यत: बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवहार के विकास को समर्पित है। इसमें स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर बच्चों को आयु अनुरूप जानकारी प्रदान करने, उनमें स्वास्थ्य पूरक व्यवहार का विकास, छोटी अवस्था में बीमारियों की पहचान और निदान पर फोकस किया गया है। इसके साथ ही किशोर आयु के बच्चों में कुपोषण तथा खून की कमी जैसी समस्याओं का पता लगाने और आगामी उपचार को लेकर स्वास्थ्य संस्थानों को रेफर करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं स्कूलों में स्वच्छ पेयजल के उपयोग को लेकर जागरूकता के साथ किशोरियों को कुपोषण, मासिक धर्म को लेकर स्वच्छता व सुरक्षा को लेकर शिक्षित करने का काम किया जा रहा है। इसके अलावा बच्चों को योग और ध्यान के जरिए उनके समग्र स्वास्थ्य पर बल दिया जा रहा है। उपायुक्त बिलासपुर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में एनीमिया को कम करने के लिए विभाग को और अधिक प्रयास करने की आवश्यकता है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।