घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं विकास खंड के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने प्रधानों, उपप्रधानों और बीडीसी सदस्यों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। राजेंद्र गर्ग ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं। गर्ग ने कहा कि जनप्रतिनिधि विकास कार्यों को करवाएं। लोकतंत्र में सहभागिता निभाने की उन्हें जिम्मेदारी मिली है। पंचायतीराज व्यवस्था में हर पंचायत को शक्तियां दी गई हैैं। इन शक्तियों का इस्तेमाल सही दिशा में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि आगामी पांच साल के लिए लक्ष्य निर्धारित करें। पंचायत को आदर्श बनाने के लिए सभी प्रतिनिधि प्रयास करें।