जन शिक्षण संस्थान विजयपुर में आयोजित कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को संब
विजयपुर में कार्यक्रम शुरू, एडीसी बोले- विकसित भारत के लिए कौशल विकास जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जन शिक्षण संस्थान बिलासपुर के मुख्य कार्यालय विजयपुर में पोषण शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। चेतना संस्था के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और कौशल विकास से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी ज्ञान प्रदान कर उन्हें अधिक प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर ओमकांत ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। चेतना संस्था के अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए संस्था की ओर से महिला सशक्तीकरण, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अरुण कुमार गौतम ने संस्थान की कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए स्वच्छता और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता बताई। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। मुख्यातिथि एडीसी ओमकांत ठाकुर ने अपने संबोधन में चेतना संस्था की अध्यक्षा डॉ. मल्लिका नड्डा की ओर से महिला सशक्तीकरण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को विश्व की स्किल कैपिटल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण से जोड़ना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण के परिणामों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि प्रशिक्षित लोग आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें। इस अवसर पर एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा, सीडीपीओ बिलासपुर पवन कुमार, पोषक जिला समन्वयक रुचिका, सुपरवाइजर प्रवीण ठाकुर और हेमलता शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।