एम्स बिलासपुर के ओबीजी वार्ड में लोगों को सुरक्षित मातृत्व के बारे जानकारी देते नर्सिंग प्रशिक्
-ग्रुप हेल्थ टॉक और रोल प्ले के माध्यम से मातृ-शिशु देखभाल की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा ओबीजी वार्ड में सुरक्षित मातृत्व विषय पर ग्रुप हेल्थ टॉक और रोल प्ले कार्यक्रम हुआ। संचालन बीएससी नर्सिंग चौथे वर्ष के विद्यार्थियों ने किया। प्राचार्य डॉक्टर मोनालिजा के मार्गदर्शन में डॉक्टर सुमनदीप कौर और इंदु बाला ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भावस्था पूर्व देखभाल, प्रसवकालीन देखभाल, प्रसवोत्तर देखभाल और नवजात शिशु की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने रोल प्ले के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, पोषण, नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव के महत्व के बारे में जागरूक किया। इससे उपस्थित महिलाओं को विषय को सरल तरीके से समझने में मदद मिली। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कंगारू मदर केयर (केएमसी) का व्यावहारिक प्रदर्शन रहा। इसमें बताया गया कि कम वजन और समय से पूर्व जन्मे शिशुओं के लिए यह पद्धति अत्यंत लाभकारी है। इससे शिशु के शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है, स्तनपान को बढ़ावा मिलता है और मां-बच्चे के बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है। कॉलेज प्रशासन ने बताया कि इस तरह की गतिविधियों का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल विकसित करना और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान करना है। कार्यक्रम में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने भी इस पहल की सराहना की।