-बिलासपुर कॉलेज में एबीवीपी ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर कॉलेज में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं पर छात्र को धमकाने का आरोप लगाया है। एबीवीपी ने कॉलेज प्राचार्य को इस पर कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा।
कॉलेज इकाई अध्यक्ष आयुष भारद्वाज की अगुवाई में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने पहले कॉलेज के बाहर धरना प्रदर्शन किया और एनएसयूआई के खिलाफ नारेबाजी की। आयुष भारद्वाज ने बताया कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की ओर से कॉलेज में पढ़ने वाले एक एबीवीपी के कार्यकर्ता को डराया और धमकाया गया। इसके चलते यह धरना प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि कॉलेज परिसर में इस प्रकार की दादागीरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्राचार्य से इस मामले पर उचित कार्रवाई करने की मांग उठाई। आयुष ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्र हित पर राष्ट्रहित में कार्य करने वाला सामाजिक संगठन है और छात्रों के हितों के लिए खड़ा रहता है।