सरकारी स्कूलों में बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव : हंसराज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर में पहली से लेकर दसवीं कक्षा तक बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में भी शिक्षा दी जाएगी। प्रधानाचार्य हंसराज शांडिल ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार पाठशाला प्रबंधन की ओर से नई शिक्षा नीति को धरातल पर उतारा जा रहा है।
नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में ही सही मायनों में बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से बच्चों को सरकारी पाठशालाओं में शिक्षा दिलवाने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि पाठशाला की शिक्षा प्रणाली को एकीकृत रूप से संचालित किया जाएगा। प्रार्थना सभा से लेकर शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक गतिविधियों को एकीकृत और सुनियोजित ढंग से चलाया जाएगा। पाठशाला के बेहतरीन नतीजों को मद्देनजर नजर रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने अगले सत्र से बच्चों के चहुंमुखी विकास के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है।