. लोगों को तीस दिन में दर्ज करानी होंगी आपत्ति और सुझाव
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। श्री नयना देवी जी क्षेत्र में टाउन एंड प्लानिंग (टीसीपी) विभाग के नियमों के तहत सभी कार्य होंगे। इस क्षेत्र में पहले जो भी निर्माण कार्य हुए हैं, विभाग की ओर से उसका मौजूदा मानचित्र तैयार कर जारी कर दिया है। यदि किसी को इसमें आपत्ति या सुझाव दर्ज करवाना हो तो वह 30 दिनों के भीतर करवा सकता है। इसे मानचित्र का निरीक्षण करने और आपत्ति सुझाव दर्ज कराने के लिए नगर परिषद कार्यालय श्री नयना देवी जी और टीसीपी कार्यालय बिलासपुर में संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद निदेशालय की ओर से इस पर सुनवाई की जाएगी। विभाग की ओर से इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है। बता दें विभाग की ओर से श्री नयना देवी जी के अभी कामर्शियल और निजी भवनों का रिकॉर्ड निदेशालय भेजा गया था। इसके बाद निदेशालय की ओर से इस पर मानचित्र तैयार किया गया है। वहीं इस रिकॉर्ड राजपत्र में प्रकाशित किया गया है। अब इसके बाद 30 दिन में आपत्ति और सुझाव दर्ज किए जाएंगे। उसके बाद निदेशक जन सुनवाई करेंगे। अगर सब सही रहा तो इस प्लान को एडॉप्ट कर डेवलपमेंट कार्य शुरू होंगे।